शुक्रवार को देहरादून आएंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 6 नवंबर को देहरादून के ऐतिहासिक परेड ग्राउंड में भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित विशाल पदयात्रा और जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने दावा किया है कि देहरादून के इस आयोजन में देहरादून महानगर, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार जनपद से 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे। महेंद्र भट्ट ने विपक्षी दलों के शक्ति प्रदर्शन पर सीधा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष पूरे देश से मिलकर जितनी भीड़ दिल्ली में नहीं जुटा पाया, उससे कहीं अधिक जनता अकेले देहरादून की सड़कों पर पदयात्री बनकर उतरेगी। भाजपा का आरोप है कि लगातार चुनावी हार से हताश विपक्ष देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है। पार्टी के अनुसार, जनता के बीच विपक्ष की नकारात्मक राजनीति को लेकर भारी गुस्सा है, जिसका जवाब देने के लिए आम लोग और कार्यकर्ता स्वतः स्फूर्त तरीके से इस पदयात्रा का हिस्सा बनने जा रहे हैं।